त्रियुगीनारायण में रुद्रप्रयाग पुलिस की रात्रि चौपाल
पुलिस अधीक्षक रुद्रप्रयाग के कुशल निर्देशन में जनपद में संचालित “अभियान प्रहरी पड़ाव” के अन्तर्गत...
पुलिस अधीक्षक रुद्रप्रयाग के कुशल निर्देशन में जनपद में संचालित “अभियान प्रहरी पड़ाव” के अन्तर्गत गत दिवस 14 मार्च 2026 की रात्रि में कोतवाली सोनप्रयाग पुलिस द्वारा ग्राम त्रियुगीनारायण में 25वीं रात्रि चौपाल का आयोजन किया गया। प्रभारी निरीक्षक सोनप्रयाग राकेन्द्र कठैत की अध्यक्षता में आयोजित इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य जनता और पुलिस के मध्य आपसी सामंजस्य को बढ़ाना तथा ग्रामीणों के बीच सुरक्षा का भाव सुदृढ़ करना रहा। चौपाल के दौरान पुलिस अधिकारियों ने ग्रामवासियों के साथ सीधा जन-संवाद स्थापित करते हुए पुलिस और जनता के बीच की दूरी को समाप्त कर मधुर सम्बन्धों की नींव रखने का प्रयास किया।
चर्चा के दौरान पुलिस द्वारा समाज में पनप रहे असामाजिक तत्वों और मादक पदार्थों की तस्करी में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध कड़ा रुख अपनाने की अपील की गई। ग्रामीणों को प्रोत्साहित किया गया कि वे ऐसे तत्वों की गोपनीय सूचना पुलिस को दें, ताकि एक सुरक्षित समाज का निर्माण हो सके। महिला एवं बाल अपराधों के प्रति संवेदनशीलता दिखाते हुए पुलिस टीम द्वारा महिलाओं को ‘गौरा शक्ति ऐप’ के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई। साथ ही, महिला हेल्पलाइन नम्बरों के उपयोग, घरेलू हिंसा के विरुद्ध कानूनी प्रावधानों और बाल-विवाह जैसी कुरीतियों को रोकने हेतु विचार-विमर्श किया गया।
इसके अतिरिक्त, वर्तमान समय में बढ़ते साइबर अपराधों से बचाव के गुर सिखाते हुए जनमानस को जागरुक किया गया। “नशामुक्त देवभूमि” के संकल्प के साथ गांव की सुरक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने पर भी बल दिया गया। पुलिस के इस जन-हितैषी दृष्टिकोण और संवेदी व्यवहार की समस्त ग्रामवासियों ने भूरि-भूरि प्रशंसा की। बैठक के अंत में ग्रामीणों ने पुलिस द्वारा चलाए जा रहे इस अभियान की सराहना करते हुए पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया।
What's Your Reaction?