पिथौरागढ़ के गुरना में जन जन की सरकार कार्यक्रम

शासन के निर्देशों के क्रम में जनपद पिथौरागढ़ में संचालित “जन-जन की सरकार, जन-जन के...

Feb 17, 2026 - 09:53
 52  31.4k
पिथौरागढ़ के गुरना में जन जन की सरकार कार्यक्रम

शासन के निर्देशों के क्रम में जनपद पिथौरागढ़ में संचालित “जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार” कार्यक्रम के अंतर्गत दिनांक 17 दिसम्बर 2025 से 20 फरवरी 2026 तक कुल 64 न्याय पंचायतों में विशेष शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। इसी श्रृंखला में 16 फरवरी को न्याय पंचायत गुरना के पंचायत घर गुरना में एक भव्य एवं सफल शिविर का आयोजन जिलाधिकारी आशीष कुमार भटगांई की अध्यक्षता में संपन्न हुआ, जिसमें जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं ग्रामीणों की उल्लेखनीय सहभागिता रही।

शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाकर केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार किया गया तथा पात्र लाभार्थियों को योजनाओं से सीधे लाभान्वित किया गया। इस अवसर पर मा० जिला पंचायत अध्यक्ष श्री जितेन्द्र प्रसाद एवं महापौर श्रीमती कल्पना देवलाल सहित लगभग 80 जनप्रतिनिधि तथा 72 अधिकारी/कार्मिक उपस्थित रहे। शिविर में लगभग 520 लोगों ने प्रतिभाग किया, जबकि कुल 817 लाभार्थियों को विभिन्न योजनाओं का लाभ प्रदान किया गया।

शिविर के दौरान कुल 140 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 119 का मौके पर ही निस्तारण किया गया, जबकि शेष 21 शिकायतें संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई हेतु प्रेषित की गईं। जिलाधिकारी द्वारा प्रत्येक समस्या को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को त्वरित समाधान के निर्देश दिए गए।

कार्यक्रम में राजस्व, ग्राम्य विकास, पंचायत राज, कृषक एवं कृषक कल्याण, उद्यान, समाज कल्याण, चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास, आयुष, पशुपालन, खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति, श्रम, आधार कैम्प, डेरी एवं मत्स्य, सहकारिता, लोक निर्माण, पीएमजीएसवाई, यूसीसी, पेयजल एवं शिक्षा विभाग सहित अनेक विभागों द्वारा स्टॉल लगाए गए। इन स्टॉलों के माध्यम से वृद्धावस्था, विधवा एवं दिव्यांग पेंशन, परिवार रजिस्टर नकल, जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र, जॉब कार्ड आदि के आवेदन मौके पर भरवाए गए।

शिविर में आयोजित जनसंवाद कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों एवं जनप्रतिनिधियों ने पेयजल, सड़क, विद्युत लाइन, आंगनबाड़ी केंद्र एवं पंचायत घर निर्माण से जुड़ी समस्याएं रखीं। विशेष रूप से दूषित पेयजल आपूर्ति, पेयजल टैंक निर्माण एवं क्षतिग्रस्त पाइपलाइन के मुद्दे प्रमुखता से उठाए गए, जिस पर जिलाधिकारी ने पेयजल विभाग को तत्काल निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।

समापन अवसर पर जिलाधिकारी ने सभी जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों से आगामी शिविरों का व्यापक प्रचार-प्रसार करने का आह्वान किया, ताकि अधिकाधिक पात्र व्यक्तियों को योजनाओं का लाभ मिल सके। साथ ही सभी विभागाध्यक्षों को प्रत्येक शिविर में संसाधनों एवं कार्मिकों की उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा शिकायतों का समयबद्ध निस्तारण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि “जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार” कार्यक्रम का उद्देश्य शासन की योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना, समस्याओं का त्वरित समाधान करना तथा प्रशासन एवं जनता के बीच सीधा संवाद स्थापित करना है। जनपद पिथौरागढ़ में यह अभियान जनहित में अत्यंत प्रभावी सिद्ध हो रहा है तथा ग्रामीणों में इसके प्रति विश्वास एवं उत्साह निरंतर बढ़ रहा है।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow